NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के ओल्ड सुभाष कॉलोनी स्थित अनुग्रह नारायण कॉलोनी में सोमवार तड़के एक संदिग्ध युवक ने घर में घुसने की कोशिश की। युवक सुबह करीब 4 बजे बोलेरो से वहां पहुंचा था। घर में लगे CCTV कैमरे में बोलेरो के आने से लेकर युवक की संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मनोज सिंह के घर के बाहर सुबह करीब 4 बजे एक बोलेरो आकर रुकी। इसके बाद वाहन से एक युवक उतरा और घर के अंदर जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान घर के आसपास मौजूद एक बुजुर्ग की नजर युवक पर पड़ गई। बुजुर्ग ने उसे रोककर पूछा कि वह कहां जा रहा है और घर में क्यों प्रवेश कर रहा है।
आरोप है कि युवक ने बुजुर्ग से कहा, “आपको क्या लेना-देना है।” इसके बाद भी वह घर में दाखिल होने की कोशिश करता रहा। CCTV फुटेज में युवक को रेलिंग के सहारे घर के ऊपरी हिस्से तक पहुंचने का प्रयास करते देखा गया है। हालांकि वह अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका और कुछ देर बाद वहां से निकल गया।
घटना की पूरी गतिविधि घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में बोलेरो के आने-जाने के साथ ही युवक की संदिग्ध हरकतें भी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई हैं। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
परिजनों के अनुसार, युवक चोरी के इरादे से घर में घुसना चाहता था या उसके आने के पीछे कोई अन्य उद्देश्य था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और CCTV फुटेज के आधार पर युवक की पहचान किए जाने की संभावना है।

