NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: शुक्रवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। साकची से मानगो जाने वाले छोटे पुल पर जलजमाव होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण पुल पर घुटने भर पानी जमा हो गया, जिससे स्कूली छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग और आम राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई बाइक चालक भी पानी में फंस गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर मूसलाधार बारिश में छोटे पुल पर जलजमाव की यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जलनिकासी व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण हर बारिश में आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है।
मानगोवासियों ने प्रशासन से जल्द प्रभावी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

