NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार, 26 नवंबर को एसएसपी कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और निष्ठा व्यक्त की गई। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना के मूल्यों को आत्मसात करने तथा संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। पुलिसकर्मियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्शों के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे संविधान में निहित आदर्शों का पालन करते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
संविधान दिवस का महत्व
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू हुआ था।

