NEWS LAHAR REPORTER
आदित्यपुर/जमशेदपुर: जमशेदपुर के डिमना स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मॉर्चरी में रखे एक मृतक के शव की आंखों में असामान्य बदलाव देखकर परिजनों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
फांसी लगाने के बाद अस्पताल लाया गया था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बलाइडीह बस्ती निवासी राजू प्रमाणिक के रूप में हुई है। बताया जाता है कि बुधवार सुबह उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के कारण उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह शव लेने पहुंचे तो आंखों में दिखी लालिमा
मृत्यु की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रात होने के कारण परिजनों ने शव को एमजीएम अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया था।
गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने पहुंचे तो उन्होंने मृतक की आंखों में असामान्य लालिमा देखी। परिजनों का कहना था कि पहले ऐसी स्थिति नहीं थी। इसके बाद उन्होंने मॉर्चरी में शव के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।
अधीक्षक पहुंचे मौके पर, परिजन जांच की मांग पर अड़े
हंगामे की सूचना मिलते ही एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। अस्पताल अधीक्षक ने कहा कि शव के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। हालांकि, परिजन इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए और मामले की जांच की मांग पर अड़े रहे।
घर का इकलौता चिराग था राजू
बताया जाता है कि राजू प्रमाणिक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और पेंटिंग का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में मॉर्चरी में शव की आंखों में बदलाव देखकर परिजनों का आक्रोश और बढ़ गया।

