NEWS LAHAR REPORTER
Ranchi : झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही गुरुवार को शुरू हुई। संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री के रूप में उन्होंने केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2026 (MMDR Amendment Act) के खिलाफ राजकीय संकल्प सदन में पेश किया।
मुख्यमंत्री ने संकल्प के माध्यम से कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 17 अगस्त 2026 को अधिसूचित एमएमडीआर संशोधन अधिनियम से राज्यों के खनिज अधिकारों और खनिज युक्त भूमि पर कर, उपकर एवं सेस लगाने की शक्तियां सीमित कर दी गई हैं। इतना ही नहीं, पूर्व में लगाए गए ऐसे करों के बकाये और वसूली नहीं की गई राशि के दावों को भी अमान्य कर दिया गया है। इससे झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी राशि के राजस्व नुकसान से राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने में कठिनाई होगी। इसका सीधा असर राज्य के विकास और आम जनता के हित में संचालित योजनाओं पर पड़ेगा।

