रांची : झारखंड उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। शुक्रवार को रांची स्थित लोकभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
लोकभवन के बिरसा मुंडा मंडप में हुए शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो सहित उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीश, महाधिवक्ता, स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष और कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह के दौरान सभी अतिथियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर नए मुख्य न्यायाधीश को बधाई दी।
चीफ जस्टिस एमएस सोनक का कार्यकाल 28 नवंबर 2026 तक रहेगा। उनका स्थानांतरण बॉम्बे उच्च न्यायालय से झारखंड उच्च न्यायालय में किया गया है।
न्यायमूर्ति सोनक का विधिक सफर काफी समृद्ध रहा है। अक्टूबर 1988 में उन्होंने महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया था। अपने करियर के दौरान वे केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता, राज्य सरकार के विशेष अधिवक्ता और विभिन्न निगमों के लिए कानूनी सेवाएं दे चुके हैं।
उनकी विधिक दक्षता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। 28 नवंबर 1964 को जन्मे जस्टिस सोनक ने गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी और एमएस कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की डिग्री हासिल की।

