News Lahar Reporter
मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड की रूंघीकोचा पंचायत अंतर्गत पहाड़ीहा गांव में अज्ञात बीमारी से दो बच्चियों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच शुरू कर दी गई है।
शिविर के दौरान लिए गए रक्त नमूनों की जांच में 8 लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए। इनमें 7 मरीजों में प्लाज्मोडियम फैल्सीपेरम (PF) और 1 मरीज में प्लाज्मोडियम वाइवैक्स (PV) की पुष्टि हुई है। सभी संक्रमितों को उपचार के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचने के बजाय कई ग्रामीण झाड़-फूंक, पूजा-पाठ या झोलाछाप चिकित्सकों पर भरोसा करते हैं, जिससे उपचार में देरी होती है और मरीजों की स्थिति गंभीर हो सकती है। विभाग ने लोगों से बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की है।
बुधवार सुबह भर्ती मरीजों की हीमोग्लोबिन एवं शुगर जांच के लिए पुनः रक्त परीक्षण किया गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी मरीजों का उपचार जारी है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

