News Lahar Reporter
Jamshedpur : झारखंड मानव अधिकार संघ (JHRA), जमशेदपुर ने पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारीब को अपराध नियंत्रण की दिशा में किए जा रहे प्रभावी कार्यों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। संघ की ओर से जारी अभिनंदन पत्र में कहा गया है कि बीते कुछ समय में जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम जिले में नशाखोरी, चापड़बाजी, हिंसक झड़पों और हत्या जैसी घटनाओं में बढ़ोतरी से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया था।
संघ ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। एसएसपी के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे चापड़बाजों, नशा कारोबारियों और अन्य असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा हुआ है तथा अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित हुआ है।
झारखंड मानव अधिकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से शिष्टाचार मुलाकात कर उनके कार्यों की सराहना की। संगठन ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिला और अधिक सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनेगा। साथ ही नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार कीनू तथा अन्य पदाधिकारियों ने एसएसपी को उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित में इसी तरह कार्य करते रहने की अपेक्षा व्यक्त की।

