जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में कैरव गांधी अपहरण कांड से जुड़े तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इन आरोपियों ने साईं मंदिर के पास पुलिस टीम पर हमला कर कार्बाइन छीन ली थी और अंधाधुंध गोलियां चलाई थीं, जिसके जवाब में हुई फायरिंग में तीनों घायल हो गए थे।
घटना 29 जनवरी की देर रात करीब 2:30 बजे की है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर साईं मंदिर के पास पेड़ों के झुरमुट में छिपाए गए हथियार बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान एक आरोपी ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी के बॉडीगार्ड से कार्बाइन छीन ली और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों बदमाश घायल हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के माधरवेन निवासी गुड्डू सिंह, सिलहरी गांव का इमरान आलम उर्फ आमिर और रमीज राजा शामिल हैं। तीनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों को पहले हजारीबाग के चौपारण-बरही इलाके से गिरफ्तार किया गया था, जब वे अपहृत कैरव को छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया था कि अपहरण के दौरान इस्तेमाल की गई पिस्टल साईं मंदिर के पास छिपा दी गई थी।
मामले में एक अन्य आरोपी उपेंद्र सिंह गिरफ्तारी से बचने के लिए गया में छत से कूद गया था, जिससे उसका पैर टूट गया। उसका भी इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा था और उसे भी जेल भेज दिया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपी मोहन प्रसाद और अर्जुन सिंह को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपहरण कांड से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
बिष्टुपुर में मुठभेड़ के बाद कैरव अपहरण कांड के तीन आरोपी गिरफ्तार, कार्बाइन छीन फायरिंग, इलाज के बाद जेल भेजे गए।

