चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित न्यू कॉलोनी टुंगरी में शुक्रवार देर रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना डॉ. ओम कुमारी नर्सिंग होम के पास की बताई जा रही है। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार देर रात अचानक आग लगने से वहां रखी एक मिक्सर मशीन भी इसकी चपेट में आ गई। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। चूंकि यह इलाका घनी आबादी वाला आवासीय क्षेत्र है, इसलिए लोग किसी बड़े नुकसान की आशंका से घबरा गए।
स्थानीय लोगों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए कांग्रेस नेता और सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने एहतियातन पश्चिमी सिंहभूम जिले के फायर ऑफिसर को फोन कर घटना की जानकारी दी और तत्काल कार्रवाई का अनुरोध किया।
इसके बाद चाईबासा अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आसपास सूखे पत्तों का बड़ा ढेर होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि टीम की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।
घटना के बाद इलाके के लोगों ने दमकल विभाग की टीम और त्रिशानु राय का आभार जताया। वहीं त्रिशानु राय ने भी अग्निशमन विभाग की टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

