NEWS LAHAR REPORTER
पोटका: हल्दीपोखर रेलवे साइडिंग में कोयला चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। आरोप है कि जैसे ही रेलवे स्टेशन पर कोयले का रैक पहुंचता है, सक्रिय चोर बड़े पैमाने पर कोयला चोरी कर लेते हैं। चोरी का विरोध करने वाले ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर भी हमले किए जा रहे हैं।
ताजा मामला गुरुवार रात का है। जानकारी के अनुसार, कोयला चोरी रोकने के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मी शैलेंद्र दुबे ने चोरों का विरोध किया। इससे नाराज चोरों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कर्मी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हमलावर मौके से कोयला लेकर फरार हो गए।
कोयला मंगाने वाली कंपनियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे साइडिंग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। रैक लगने के दौरान न तो पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहती है और न ही प्रभावी निगरानी की व्यवस्था की जाती है। इसका फायदा उठाकर चोर लगातार कोयला चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे संबंधित कंपनियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन से साइडिंग पर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, रैक के दौरान पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती करने तथा हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

