News Lahar Reporter
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जहां नीलडीह ग्वाला बस्ती में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला टेल्को थाना अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती का है। यहां रहने वाले अवधेश कुमार के घर में चोरों ने बेहद सुनियोजित तरीके से चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने एक-दो नहीं बल्कि पूरे 6 दरवाजों के ताले काट दिए और घर के अंदर रखी 6 अलमारियों को पूरी तरह खंगाल डाला।
बताया जा रहा है कि चोर अलमारियों में रखे करीब 18 से 20 लाख रुपये के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग दहशत में हैं।
पीड़ित अवधेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार पिछले पांच दिनों से नामदा बस्ती स्थित दूसरे घर में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने मकान में घुसकर इस बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

