NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण तेली समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि तेली समाज राज्य सरकार की ओबीसी/ईबीसी सूची में शामिल है। पहले परिवार के किसी एक सदस्य का जाति प्रमाण पत्र होने पर उसी के आधार पर अन्य सदस्यों का प्रमाण पत्र आसानी से बन जाता था, लेकिन अब इस व्यवस्था को नहीं माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश पुराने खतियान और डीड में जाति का उल्लेख नहीं है। वहीं जमशेदपुर के शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग टाटा स्टील या सरकारी एग्रीमेंट की जमीन पर रहते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई परिवार ऐसे हैं जिनके पास अपना खतियान नहीं है या वे किराये के मकानों में रहते हैं। ऐसे परिवार खतियान के अभाव में जाति प्रमाण पत्र से वंचित हो रहे हैं, जिससे उन्हें छात्रवृत्ति, आरक्षण और सरकारी नौकरियों जैसी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
महासंगठन ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि परिवार में पहले से जारी जाति प्रमाण पत्र को नए प्रमाण पत्र के लिए आधार बनाया जाए। जिन परिवारों के पास खतियान नहीं है, उनके लिए अलग नियम बनाकर समाज की अनुशंसा को पर्याप्त माना जाए। यह व्यवस्था शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के किरायेदार परिवारों पर लागू की जाए।
इसके अलावा संगठन ने टाटा स्टील की भूमि पर रहने वाले परिवारों अथवा भारतीय राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की अनुशंसा पर जाति प्रमाण पत्र जारी करने, पिता की सर्विस बुक, पेंशन रिकॉर्ड, मतदाता सूची और स्कूल प्रमाण पत्र में दर्ज “तेली” जाति को साक्ष्य के रूप में स्वीकार करने तथा सभी अंचलों में विशेष शिविर लगाकर लंबित आवेदनों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान कराने का आग्रह किया।

