NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में मनीष सिंह गिरोह के दो और सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर छापेमारी की और दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और सागर उपाध्याय के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों की इस फायरिंग कांड में संलिप्तता सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों ने गिरोह से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रंगदारी वसूली और इलाके में दबदबा कायम करने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया गया था।
यह पूरा मामला 15 मई को जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग से जुड़ा है। उस दिन पांच बदमाश मैरून रंग की वैगनआर कार से दुकान के पास पहुंचे थे और रंगदारी की रकम नहीं मिलने पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि ताजा कार्रवाई में सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
इससे पहले भी इसी मामले में छह अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल मैरून रंग की वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए थे। पुलिस को आशंका है कि इस कांड के तार संगठित अपराध और रंगदारी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सन्नी सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट, चोरी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। वहीं सागर उपाध्याय पर भी पूर्व में आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस उपाधीक्षक विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में जुगसलाई थाना पुलिस लगातार मामले की जांच कर रही है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस जल्द आगे की कार्रवाई करने की तैयारी में जुटी है। झारखंड में लगातार बढ़ते संगठित अपराध और रंगदारी के मामलों के बीच यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए अहम मानी जा रही है।

