News Lahar Reporter
जमशेदपुर :
शहर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया। जुगसलाई पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शहजादा के रूप में हुई है, जो जुगसलाई के गरीब नवाज कॉलोनी, पहलवानडेरा का निवासी है।
सोमवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक हथियार के साथ किसी गंभीर अपराध की तैयारी में है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने पार्वती घाट जाने वाली सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सफेद रंग की वरना कार को रोका गया, जिसमें संदिग्ध युवक सवार था। तलाशी के दौरान कार से एक देशी पिस्तौल, एक कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में विधिवत कार्रवाई करते हुए उसके खिलाफ जुगसलाई थाना में मामला दर्ज किया गया। आरोपी पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी किस घटना को अंजाम देने वाला था और उसके पीछे कोई गिरोह या साजिश तो नहीं है।

