NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जुगसलाई क्षेत्र में मंदिर के ठीक सामने शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में आज जमशेदपुर टाइगर क्लब के अध्यक्ष आजाद गिरी एवं उनकी टीम ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी इस मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस विरोध प्रदर्शन की खास बात यह रही कि मंदिर के पुजारी ने भी आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि मंदिर के सामने शराब की दुकान खुलना धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
टाइगर क्लब के अध्यक्ष आजाद गिरी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द शराब की दुकान बंद नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में इस मामले को लेकर वे उपायुक्त (डीसी) से मिलकर ज्ञापन सौंपेंगे और उचित कार्रवाई की मांग करेंगे।
सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

