NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के रामनगर में रविवार सुबह करीब 10 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रामनगर निवासी गणेश पात्रो के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे पहले ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर कर दिया।
परिजन और स्थानीय लोग गणेश पात्रो को लेकर टीएमएच पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गणेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव को लेकर घर जाना चाहते थे, लेकिन टीएमएच के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। अस्पताल प्रबंधन की ओर से पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई, जबकि परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे। इसी बात को लेकर टीएमएच परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
इधर, इस सड़क हादसे में निखिल नामक एक बाइक सवार भी घायल हुआ है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

