NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : आदित्यपुर के आदित्य सिंडिकेट निवासी युवा कलाकार विवेक मिश्रा ने भगवान श्री राधा-कृष्ण का 11 फीट × 7 फीट का विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक मोती पोर्ट्रेट बनाकर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। इस अद्भुत उपलब्धि को World Records India द्वारा आधिकारिक रूप से मान्यता प्रदान की गई है।
इस दिव्य पोर्ट्रेट को 4,00,000 क्रिस्टल एवं मैट मोतियों से तैयार किया गया है। इसे बनाने में तीन महीने से अधिक का समय, सैकड़ों घंटों की मेहनत, धैर्य और समर्पण लगा। यह कृति केवल कला का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भगवान श्री राधा-कृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है।
विवेक मिश्रा ने बताया कि इस पोर्ट्रेट का निर्माण उन्होंने पूज्य श्री प्रेमानंद महाराज जी को समर्पित करने के उद्देश्य से किया है। इसी उद्देश्य से वे 27 जुलाई को जमशेदपुर से वृंदावन के लिए रवाना होंगे, जहाँ वे इस विश्व रिकॉर्ड प्राप्त दिव्य पोर्ट्रेट को पूज्य महाराज जी के श्रीचरणों में विनम्र सेवा स्वरूप समर्पित करेंगे।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए World Records India ने विवेक मिश्रा को विश्व रिकॉर्ड प्रमाणपत्र, पदक एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके कार्य को आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया है।
इस उपलब्धि पर विवेक मिश्रा ने कहा—
“मेरे लिए यह केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भगवान श्री राधा-कृष्ण और पूज्य प्रेमानंद महाराज जी के श्रीचरणों में मेरी श्रद्धा, भक्ति और विनम्र सेवा का एक छोटा-सा प्रयास है। मैं 27 जुलाई को जमशेदपुर से वृंदावन जाकर इस दिव्य पोर्ट्रेट को महाराज जी को समर्पित करूँगा।”
विवेक मिश्रा की इस उपलब्धि से आदित्यपुर, जमशेदपुर और पूरे झारखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। यह उपलब्धि कला, भक्ति और समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

