NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड पर मदीना गार्डन के समीप बुधवार सुबह एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मानगो थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे वाहन मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के दौरान ओल्ड पुरुलिया रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। आग की भयावह तस्वीरों ने आसपास के लोगों को दहशत में डाल दिया। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

