जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस ने गोवंश तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने ड्राइवर समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार को जब्त किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य इजहार इकबाल को गिरफ्तार किया है, जो चक्रधरपुर का रहने वाला बताया जा रहा है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोवंशीय मवेशियों को अवैध रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर मानगो थाना पुलिस ने जवाहर नगर रोड नंबर 12, सबीना मस्जिद के पास छापेमारी की। इस दौरान एक इनोवा कार से पांच गोवंशीय जानवर बरामद किए गए, जिन्हें अमानवीय तरीके से वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी इजहार इकबाल ने बताया कि इस तस्करी में सोनू कुरैशी उर्फ सफदर कुरैशी और सईद कुरैशी शामिल हैं। दोनों आजाद नगर रोड नंबर 12, शबीना मस्जिद क्षेत्र के निवासी हैं और गोवंशीय जानवरों का अवैध कारोबार करते हैं। बरामद सभी गोवंशीय जानवर इन्हीं के पास ले जाए जा रहे थे, जहां उनकी हत्या कर मांस की बिक्री की योजना थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि जब्त गोवंशीय जानवरों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
