NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर-1 में रविवार देर रात खड़ी तीन बसों में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दो बसें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक बस को अग्निशमन विभाग ने समय रहते बचा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
हालांकि तब तक दो बसें पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। एक बस को कम नुकसान पहुंचा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी असामाजिक तत्व ने बसों में आग लगाई है। वहीं पुलिस सोची-समझी साजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
आग की तेज लपटों की वजह से इलाके की बिजली लाइन भी प्रभावित हुई। मेन केबल जल जाने से आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

