NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-17 स्थित ग्रीन वैली में एक महिला के घर से लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता फरजाना खातून ने आजादनगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मंगलवार को उनके घर में रखे सोने के कई आभूषण और वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन गायब मिले। परिवार के सदस्यों ने घर में काफी खोजबीन की, लेकिन सामान का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
फरजाना खातून ने बताया कि चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठी, झुमका, चूड़ी, कान की बाली, लॉकेट समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। उनके अनुसार चोरी गए सामानों की कुल कीमत करीब चार लाख रुपये है, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़िता ने बताया कि घटना वाली रात उनके पति ड्यूटी पर गए हुए थे। वह अपनी बेटी के साथ एक कमरे में सो रही थीं और घर की ग्रिल को लॉक कर दिया गया था। सुबह पति के लौटने पर उन्होंने स्वयं ग्रिल खोली और फिर कमरे में जाकर सो गईं। कुछ देर बाद उनके पति भी दूसरे कमरे में सो गए। आरोप है कि चोरों ने ग्रिल में हाथ डालकर अंदर से लॉक खोला और घर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद परिवार के सदस्य दहशत में हैं। फरजाना खातून का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे बाद भी पुलिस की ओर से उनके घर पहुंचकर जांच नहीं की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि पड़ोस की एक महिला ने उनके घर से दो से तीन महिलाओं को निकलते हुए देखा था। इस आधार पर उन्हें संदेह है कि उन्हीं महिलाओं ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द दोषियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

