NEWS LAHAR REPORTER
मनोहरपुर: अभिनव समिति घाघरा के तत्वावधान में शुक्रवार को मनोहरपुर के घाघरा मैदान में तीन दिवसीय पुरुष एवं महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि आजसू नेता संतोष महतो ने मुखिया अशोक बंदा, पंचायत समिति सदस्य सुस्मिता महतो, पूर्व मुखिया दशरथ पूर्ति तथा समाजसेवी लक्ष्मीनारायण महतो मुन्ना के साथ संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल में किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि संतोष महतो ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अनुशासन व समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर खेल जगत में नई पहचान बनाएं तथा क्षेत्र का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
उद्धाटन मैच अभिनव समिति बनाम संत अगस्तीन कॉलेज के बीच खेला गया। जिसमें संत अगस्तीन कॉलेज 1-0 गोल से जीत दर्ज कर अगले मैच के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया।
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एवं महिला वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण घाघरा मैदान पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग की 32 तथा महिला वर्ग की 4 टीमें भाग ले रही हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य आयोजनकर्ता अभिनव समिति के नरसिंह महतो,अशोक महतो,अमर महतो,बुतरू महतो,लखिंद्र महतो,मिथुन महतो,मुंडा सुधीर महतो सहित समिति के सक्रिय सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

