जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा से बेताकोचा टुसू मेला देखने गए करीब दो दर्जन से अधिक लोग गुरुवार की देर शाम घर लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। यह दर्दनाक हादसा एनएच-33 पर भिलाई पहाड़ी के पास हुआ, जहां अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
इस दुर्घटना में छह वर्षीय बच्ची विनता मुंडा की मौत हो जाने की सूचना है, जबकि एक दर्जन से अधिक बच्चे और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी सुधा गुप्ता एमजीएम अस्पताल पहुंचीं और अस्पताल प्रबंधन से घायलों के समुचित इलाज की मांग की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बढ़ाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर उनके साथ ओमप्रकाश सिंह, नितेश मित्तल, राकेश दास, उत्तम मंडल, नितीश पोद्दार समेत कई अन्य लोग भी मौजूद रहे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
—

