NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर। गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह सरायकेला-खरसावां इंटक जिला अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने अपने प्रतिनिधिमंडल एवं पीड़ित ठेका मजदूर चंदन पासवान के साथ जमशेदपुर स्थित सीतारामडेरा स्थित डेप्युटी लेबर कमिश्नर (DLC) कार्यालय में पदस्थापित अरविंद कुमार से मुलाकात कर पीड़ित मजदूर की गंभीर समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि टाटा स्टील के ठेकेदार जोश ब्रदर्स के अधीन कार्यरत मजदूर चंदन पासवान 1 जनवरी 2026 को कार्य के दौरान कंपनी परिसर में दुर्घटना का शिकार हो गए थे। उनके दाहिने पैर पर रोल बार गिर जाने से पैर का पंजा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
आरोप लगाया गया कि दुर्घटना के बाद पिछले छह महीनों में ठेकेदार द्वारा न तो उनका समुचित इलाज कराया गया और न ही कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के अंतर्गत मिलने वाली इंजरी वेज (Injury Wage) सहित अन्य वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा पिछले चार महीनों का वेतन भी भुगतान नहीं किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार ने चिकित्सकों पर दबाव बनाकर घायल मजदूर को जबरन मेडिकल फिट घोषित करवा दिया। जबकि उनकी शारीरिक स्थिति अभी भी कार्य करने योग्य नहीं है। इतना ही नहीं, दवा एवं चिकित्सा का खर्च भी नहीं उठाया जा रहा है और लगातार फोन कर काम पर लौटने का दबाव बनाया जा रहा है।
वेतन एवं इलाज नहीं मिलने के कारण पीड़ित मजदूर और उनका परिवार गंभीर आर्थिक, मानसिक तथा भुखमरी जैसी परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
मुलाकात के दौरान चंदन पासवान ने स्वयं डेप्युटी लेबर कमिश्नर अरविंद कुमार के समक्ष अपनी पूरी आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री अरविंद कुमार ने निष्पक्ष जांच कराते हुए कंपनी एवं ठेकेदार से पीड़ित मजदूर को उचित मुआवजा, बकाया वेतन तथा न्याय दिलाने के लिए हरसंभव कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
