NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र में महिला से चेन छीनकर भागने वाले दो बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरपाल उर्फ गबरू और मनप्रीत उर्फ मनजीत उर्फ रिशु के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थानों में दो मामले दर्ज किए हैं।
जानकारी के अनुसार, बिरसानगर जोन नंबर-9 निवासी बसंती देवी से घड़ी पार्क के पास चेन छीनकर दोनों आरोपी फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान सिदगोड़ा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि हरपाल सिंह के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मनजीत के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, एक कारतूस, एक मैगजीन, घटना में प्रयुक्त बाइक, छीनी गई सोने की चेन, फर्जी नंबर प्लेट और काली मिर्च का स्प्रे बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे महिलाओं को निशाना बनाकर काली मिर्च का स्प्रे इस्तेमाल करते थे और वारदात के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक का उपयोग करते थे, ताकि पहचान से बच सकें।
पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह में अन्य अपराधी भी शामिल हो सकते हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस मुठभेड़ में घायल हरपाल से फिलहाल विस्तृत पूछताछ नहीं हो सकी है।

