जमशेदपुर: पोटका थाना क्षेत्र के हाता चौक से ट्रक चालक से चाकू की नोक पर छिनतई कर फरार हो रहे जमशेदपुर के दो अपराधियों को पोटका पुलिस ने तुड़ी के समीप गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान जमशेदपुर के बर्मामाइंस निवासी विक्की सिंह और टुइलाडुंगरी निवासी आसिफ खान के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी देते हुए जादूगोड़ा इंस्पेक्टर सह पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि गुरुवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि दो अपराधी हाता चौक से ट्रक चालक से छिनतई कर पल्सर मोटरसाइकिल से सुंदरनगर की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पोटका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुंदरनगर थाना पुलिस के सहयोग से तुड़ी फुटबॉल मैदान के पास दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ट्रक चालक का पर्स, पर्स में रखे 4080 रुपये नकद, वादी का ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त दो चाकू और पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है।
इस कार्रवाई में पोटका थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा, अवर निरीक्षक सुनील टूटी, बाबुजन बास्की सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

