NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर स्थित साकची थाना क्षेत्र के शालीमार मार्केट में रंगदारी नहीं मिलने पर एक बदमाश ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति के सीने में चाकू लगा है, जबकि दूसरे के पीठ में चाकू मारा गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक अक्सर शालीमार मार्केट में आकर दुकानों के आसपास बैठता था और दुकानदारों से बातचीत करता था। आरोप है कि उसने दुकानदारों से रंगदारी की मांग की थी। जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो उसने गुस्से में आकर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

