Ghatshila : घाटशिला से बड़ी खबर सामने आई है। टाटा से भुवनेश्वर जा रही शांतिलता नामक यात्री बस में शनिवार को अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना बहरागोड़ा और केरुकोचा के बीच हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चलती बस से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि इस घटना में यात्रियों का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस की बैटरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

