NEWS LAHAR REPORTER
जिला प्रशासन से पांच सख्त मांगें, बोले- सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
जमशेदपुर। टेल्को स्टेडियम के समीप भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर बच्चों से भरी एक स्कूली वैन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव राकेश साहू ने गहरी चिंता और दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में प्रभावित बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
घटना के बाद राकेश साहू ने जिला प्रशासन के समक्ष स्कूली वाहनों की सुरक्षा से जुड़ी पांच प्रमुख मांगें रखीं।
1. जर्जर और फिटनेस विहीन वाहनों पर रोक
उन्होंने शहर में चल रहे खटारा ऑटो और टेंपो को हटाने तथा बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के चल रहे वाहनों को जब्त करने की मांग की।
2. चालक का पुलिस सत्यापन और ड्रेस कोड
हर स्कूली वाहन चालक का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने की मांग की गई। साथ ही चालकों के लिए साफ-सुथरी वर्दी और नशामुक्त रहना अनिवार्य करने की बात कही।
3. वाहन की क्षमता का स्पष्ट उल्लेख
राकेश साहू ने प्रत्येक स्कूली वाहन की वार्षिक फिटनेस जांच कराने तथा फिटनेस प्रमाण-पत्र में वाहन की अधिकतम यात्री क्षमता स्पष्ट रूप से दर्ज करने की मांग की।
4. ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई
क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले स्कूली वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाने और गंभीर उल्लंघन की स्थिति में लाइसेंस रद्द करने की मांग की गई।
5. स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय हो
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकता। स्कूलों को अपने स्तर से भी वाहनों की फिटनेस और चालकों की स्थिति की नियमित जांच करनी चाहिए।
राकेश साहू ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों को स्कूल भेजने से पहले वाहन की स्थिति, फिटनेस और निर्धारित क्षमता की जांच जरूर करें।
उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन ने स्कूली वाहनों से जुड़े सुरक्षा नियमों को जल्द सख्ती से लागू नहीं किया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।

