NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। कंपनी रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक को रोककर उस पर चापड़ से हमला कर दिया और उसका पर्स लूटकर फरार हो गए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की पहचान बिरसानगर जोन नंबर-1 बी निवासी असीम बनर्जी के रूप में हुई है। असीम ने पुलिस को बताया कि वह किसी काम से मानगो गए थे। देर रात करीब घर लौटने के दौरान तार कंपनी रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद बदमाशों ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया।
हमले से बचने के लिए असीम ने अपने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी उनका पर्स लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल असीम बनर्जी को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टाटा मेन अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, असीम के दोनों हाथों में गहरे जख्म आए हैं और उनका प्लास्टिक सर्जरी कराया जाना पड़ सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी।
शहर में लगातार सामने आ रही लूट और हमले की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
