News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र स्थित डिमना बस्ती रोड पर 30 मार्च को हुए फायरिंग मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस घटना में घायल हुए विक्रम सिंह उर्फ विक्की राजपूत को गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चला।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार बदमाशों में कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला (खड़िया बस्ती), राखाल कुंभकार, राहुल सिंह सरदार (दोनों डिमना बस्ती) और विकास महतो उर्फ बिके (आस्था स्पेस टाउन, उलीडीह) शामिल हैं।
ग्रामीण एसपी ऋषभ कुंभकार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फायरिंग के पीछे का कारण कबूल किया। उन्होंने बताया कि विक्रम सिंह ने पहले विकास महतो को जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, विकास के भाई एजे आकाश के साथ मारपीट कर उसके सिर पर पिस्टल सटा दी थी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
इसी घटना का बदला लेने के लिए विकास महतो ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची और 30 मार्च को विक्रम सिंह पर फायरिंग कर दी।
इस हमले में विक्रम सिंह के दोनों हाथों में गोली लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मैगजीन लगा देशी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राखाल कुंभकार और कृष्णा सिंह उर्फ लल्ला का आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ उलीडीह थाने में पहले से मामले दर्ज हैं।

