NEWS LAHAR REPORTER
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के अंतर्गत सरायकेला-खरसावाँ जिले में 05 अगस्त से नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु विशेष मतदाता जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में राजनगर प्रखंड स्तर पर नव मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अतिरिक्त सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्वाचन प्रक्रिया में मतदाता की भूमिका, लोकतंत्र के सशक्त निर्माण में प्रत्येक मतदाता के महत्व तथा मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही 18 वर्ष अथवा निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की गई।
इसी प्रकार जिला उप निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया एवं सरायकेला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया, मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका की जानकारी दी गई तथा पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने का आह्वान किया गया।
इसके अतिरिक्त हेल्प डेस्क मैनेजर (Help Desk Manager–HDM) द्वारा भी जिले के विभिन्न बूथों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, प्रशिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संस्थानों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य ऐसे स्थानों, जहाँ युवा वर्ग की सहभागिता अधिक है, वहाँ चुनावी पाठशाला, मतदाता जागरूकता संवाद, शपथ, प्रश्नोत्तरी, निबंध, चित्रांकन एवं अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के दौरान पात्र युवाओं को ECINET App डाउनलोड कर प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, प्रविष्टियों में संशोधन, परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम एक ही मतदान केन्द्र पर दर्ज कराने तथा निर्वाचन संबंधी अन्य सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की जा रही है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावाँ श्री नीतिश कुमार सिंह ने जिले के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर प्रथम बार मतदान करने वाले युवाओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। सभी पात्र युवा समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराकर एक जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

