Ranchi : राजधानी रांची में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान का नाम एक बार फिर रंगदारी और धमकी के मामले में सामने आया है। इस बार एक जमीन कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर खरसीदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार नामकुम थाना क्षेत्र के कुटियातु निवासी 31 वर्षीय सतीश कुमार महतो जमीन का कारोबार करते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि अपराधी प्रिंस खान ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर लगातार ऑडियो मैसेज और कॉल कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। साथ ही रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है।
सतीश महतो ने बताया कि 8 मार्च की रात उनके मोबाइल पर कई बार व्हाट्सएप ऑडियो कॉल और मैसेज आए थे। जब उन्होंने अगले दिन सुबह इन ऑडियो मैसेज को सुना तो कॉल करने वाला खुद को प्रिंस खान बता रहा था और उन्हें तथा अनुप कुमार महतो को धमकी भरे लहजे में एक करोड़ रुपये देने को कह रहा था।
पीड़ित के अनुसार 9 मार्च को भी सुबह से शाम तक कई बार व्हाट्सएप ऑडियो कॉल और मैसेज किए गए, जिनमें लगातार रंगदारी की मांग दोहराई जाती रही। वहीं 10 मार्च की सुबह करीब सवा सात बजे फिर से व्हाट्सएप ऑडियो कॉल कर एक करोड़ रुपये की मांग की गई और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
लगातार मिल रही धमकियों से सतीश महतो और उनका परिवार काफी भयभीत है। उन्होंने पुलिस को व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज के स्क्रीनशॉट सहित अन्य साक्ष्य पेनड्राइव के माध्यम से सौंप दिए हैं।
इससे पहले भी प्रिंस खान का नाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हत्याकांड में सामने आ चुका है। पुलिस के अनुसार प्रिंस खान ने रेस्टोरेंट संचालक राजकुमार गोप से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं मिलने पर दो शूटरों को भेजकर रेस्टोरेंट में गोलीबारी कराई गई थी, जिसमें वहां काम करने वाले वेटर मनीष गोप की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मनीष गोप की हत्या के बाद भी प्रिंस खान ने राजकुमार गोप से दोबारा एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और पैसे नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी दी थी। पुलिस के मुताबिक शहर के कई कारोबारियों से भी प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने की कोशिश की गई है। मामले की जांच जारी है।

