खबर:
जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शादी समारोह के दौरान अचानक फायरिंग की घटना हो गई। घटना होटल रॉयल पार्क में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद थीं।
बताया जा रहा है कि समारोह में नेशनल कॉन्फ्रेंस के संरक्षक फारूक अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी भी शामिल थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी को छर्रे लगने से हल्की चोट आई, जिसके बाद उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। राहत की बात यह रही कि फारूक अब्दुल्ला इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत काबू में कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान कमल सिंह जम्वाल के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही फायरिंग के पीछे की वजहों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
