News Lahar Reporter
जमशेदपुर: अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ जुगसलाई थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नया बाजार स्थित ‘बोलबम ट्रांसपोर्ट एजेंसी’ में छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप ‘ऑनरेक्स’ की 20 पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह खेप रांची से भेजी गई थी और इसे शहर के विभिन्न हिस्सों में नशे के अवैध कारोबार के लिए खपाया जाना था। छापेमारी के दौरान जब एजेंसी संचालकों से दवाओं के वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी कागजात पेश करने में विफल रहे। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी खेप को जब्त कर लिया और मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि दवा की इस आड़ में नशे का एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अब हिरासत में लिए गए व्यक्ति से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध सप्लाई के मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके।

