NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: जमशेदपुर में बुधवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। कुछ ही देर में सड़कों पर छोटे-छोटे ओलों की सफेद परत बिछ गई, जिससे शहर का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया। दिनभर की तेज गर्मी से परेशान लोगों को इस बदलाव से काफी राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया।
सुबह से ही शहर में तेज धूप और उमस भरी गर्मी बनी हुई थी। हालांकि शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। ओलावृष्टि ने गर्मी के असर को कम कर दिया और लोगों को राहत का एहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 30 अप्रैल तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। राज्य के पूर्वी और मध्य जिलों में गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना जताई गई है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हाल के दिनों में हुई बारिश के चलते राज्य के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। रांची में करीब 2 डिग्री और डाल्टनगंज में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 38.2 और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 41.7 और न्यूनतम 26.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 41.6 और न्यूनतम 26.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 41.5 और न्यूनतम 27.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 41.4 और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें, खुले स्थानों से दूर रहें और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर शरण लें।

