NEWS LAHAR REPORTER
देवघर: जसीडीह थाना क्षेत्र में खुद को फर्जी GST अधिकारी बताकर एक व्यवसायी और उसके कर्मचारी का अपहरण कर 40 लाख 50 हजार रुपये की लूट करने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को देवघर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो, लाखों रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप, पुलिस डंडे और ‘पुलिस’ लिखा बोर्ड भी बरामद किया है।
यह कार्रवाई देवघर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी टीम ने की। गिरफ्तार आरोपियों में जमुई जिले के सिमुलतला निवासी कुमोद पोद्दार और विनोद प्रसाद यादव के अलावा बांका जिले के बेलहर निवासी संजय कुमार सिंह और घनश्याम यादव तथा कटोरिया निवासी शिव शंकर कुमार शामिल हैं।
फर्जी GST अधिकारी बनकर व्यवसायी को रोका
पुलिस के अनुसार, कोलकाता निवासी विक्रम चौधरी की शिकायत पर जसीडीह थाना में 8 अगस्त 2026 को मामला दर्ज किया गया था। विक्रम चौधरी वर्तमान में बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र में रह रहे हैं।
आरोप है कि 8 अगस्त को जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क पर स्कार्पियो सवार अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रुकवा लिया। अपराधियों ने खुद को GST अधिकारी बताकर व्यवसायी और उसके कर्मचारी को रुपये से भरे बैग के साथ अगवा कर लिया। इसके बाद उनसे 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप समेत अन्य सामान लूट लिया गया।
इस मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 269/2026 के तहत BNS की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
4.30 लाख रुपये नकद समेत स्कार्पियो बरामद
पुलिस की छापेमारी में संजय कुमार सिंह की निशानदेही पर लूट में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो (JH01BP-4780), एक रेडमी मोबाइल, एक एप्पल कंपनी का मोबाइल, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे और लाल-नीले रंग का ‘पुलिस’ लिखा बोर्ड बरामद किया गया।
वहीं, कुमोद पोद्दार की निशानदेही पर पुलिस ने 4 लाख 30 हजार रुपये नकद और लूटे गए डेल कंपनी के लैपटॉप को क्षतिग्रस्त अवस्था में बरामद किया। शिव शंकर कुमार के मोबाइल फोन की जांच में घटनास्थल से भागने के रास्ते का मैप भी मिला है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सिमुलतला थाना कांड संख्या 104/2025 और धनवार थाना कांड संख्या 97/2026 शामिल हैं।
इसके अलावा कुमोद पोद्दार के खिलाफ दुमका, हलसी तेतरहट और देवघर नगर थाना में भी अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में देवघर सदर के एसडीपीओ कुलदीप कुमार, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार समेत मोहनपुर, चितरा और देवीपुर थाना प्रभारियों के साथ अन्य पुलिस अधिकारी, तकनीकी शाखा के कर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और लूट की शेष रकम की बरामदगी को लेकर जांच जारी है।

