NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : आजादनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक ऑटो बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को कपाली थाना क्षेत्र के डेमडुबी अंसार नगर निवासी मो. विक्की ने बावनगोड़ा चौक स्थित नूरानी मस्जिद के पास से अपनी मोटरसाइकिल संख्या JH-05-DF-4606 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में आजादनगर थाना कांड संख्या 67/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में 24 से 25 वर्ष के एक युवक को मोटरसाइकिल ले जाते हुए देखा गया, जिसकी पहचान दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आजादनगर और कपाली ओपी क्षेत्र में लगातार छापेमारी की।
पुलिस ने कपाली से वारिस कॉलोनी आजादनगर की ओर आने वाली सड़क और नूर कॉलोनी रोड नंबर 30 में वाहन चेकिंग शुरू की। इस दौरान आरोपी दानिश अंसारी उर्फ राजा चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने आजादनगर थाना कांड संख्या 66/26 में चोरी हुए ऑटो संख्या JH-05-AG-7622 की चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर दाईगुटू हरिजन बस्ती से चोरी का ऑटो भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय दानिश अंसारी उर्फ राजा के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 12, बैट्री लाइन, आजादनगर थाना क्षेत्र बताया गया है, जबकि वह वर्तमान में कपाली ओपी क्षेत्र के टीओपी चौक में रह रहा था। आरोपी को 20 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दानिश अंसारी के खिलाफ मानगो थाना, सीतारामडेरा थाना और आजादनगर थाना में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास को देखते हुए पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार, शैलेन्द्र नायक, दीपक ठाकुर, दीपक कुमार रौशन, ललन कुमार, छोटेलाल कुमार, मो. औरंगजेब तथा सशस्त्र बल शामिल थे।

