NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर संजय पथ निवासी मामुनी देवी ने मारपीट, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत की है। उन्होंने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है।
मामुनी देवी के अनुसार, 19 अगस्त की शाम करीब चार बजे चार लोग कथित तौर पर अवैध रूप से उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने घर की महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों के पास पिस्तौल थी और उन्होंने उनके पति आकाश गिरी तथा अनीश रजक को जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पीड़िता के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन 24 घंटे के भीतर उन्हें छोड़ दिया गया। उनका आरोप है कि थाने में दिए गए आवेदन में भी बदलाव कर दिया गया।
मामुनी देवी ने थाना प्रभारी पर भी धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उन्हें रात करीब 10 बजे बिना महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी के थाने बुलाया गया और बयान बदलने का दबाव बनाया गया।
पीड़िता ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई, उनके मूल आवेदन की निष्पक्ष जांच, थाने स्तर पर हुई कथित लापरवाही की जांच तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

