NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर: बागबेड़ा लाल बिल्डिंग चौक के पास स्थित गोल्डन ज्वैलर्स दुकान में चोरों ने देर रात धावा बोलकर करीब 5 से 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के सामान की चोरी कर ली। चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आभूषण लेकर फरार हो गए।
घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे। शटर का ताला टूटा देखकर उन्होंने तुरंत इसकी सूचना बागबेड़ा पुलिस को दी। दुकान की जांच करने पर सोने और चांदी के सामान गायब मिले। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकान में लगे CCTV कैमरे की जांच में सामने आया है कि चोरी की वारदात रात करीब 3 बजे अंजाम दी गई। पूरी घटना CCTV में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
घटना के बाद दुकानदार और उनके परिवार में आक्रोश है। दुकान मालिक का कहना है कि इलाके में रात के समय पुलिस की पेट्रोलिंग होती है, इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

