NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : गोलमुरी चौक की जर्जर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आजसू पार्टी के प्रेस प्रवक्ता अप्पू तिवारी गुरुवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने गोलमुरी चौक पर धरना देते हुए कहा कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है, जिसके कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
अप्पू तिवारी ने आरोप लगाया कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जिला प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति को सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गोलमुरी चौक शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में से एक है, लेकिन यहां ट्रैफिक नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है।
उन्होंने मांग की कि गोलमुरी चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने, दुर्घटनाओं पर रोक लगाने तथा आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए।
भूख हड़ताल की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारी से वार्ता की। प्रशासन की ओर से उचित आश्वासन मिलने के बाद अप्पू तिवारी ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त कर दिया। इस दौरान उनके समर्थक भी मौके पर मौजूद रहे और मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।

