NEWS LAHAR REPORTER
LIG ग्राउंड में पूजा स्थल पर ही बनेगी गणेश प्रतिमा, बंगाल से आएंगे पंडाल के कारीगर
जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित एलआईजी ग्राउंड में आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया। तीनतल्ला बॉयज़ कमेटी की ओर से धार्मिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही क्षेत्र में गणपति महोत्सव को लेकर उत्साह और तैयारियों का माहौल बन गया है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में धार्मिक न्यास बोर्ड, झारखंड सरकार के सदस्य जम्मी भास्कर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमलेश सिंह, शिक्षक संजीव पॉल, राकेश सिंह, युवा समाजसेवी शशि सिंह सहित कमेटी के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के दौरान भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की गई।
पूजा स्थल पर ही तैयार होगी गणेश प्रतिमा
कमेटी के सदस्य शशि सिंह ने बताया कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी समारोह को विशेष और भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। गणेश प्रतिमा का निर्माण पूजा स्थल पर ही कराया जाएगा। वहीं आकर्षक और भव्य पंडाल तैयार करने के लिए बंगाल से कुशल कारीगरों को बुलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। आयोजन में क्षेत्र के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
पूजा से लेकर प्रसाद तक की तैयारियां शुरू
कमेटी की ओर से पंडाल निर्माण, विद्युत सज्जा, प्रतिमा निर्माण, श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण समेत अन्य व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी गई है। आयोजन को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने कमेटी के सदस्यों को गणेश चतुर्थी आयोजन की शुभकामनाएं दीं और इसे सामाजिक एकता एवं सद्भाव का माध्यम बनाने की अपील की।
भूमि पूजन के साथ ही छोटा गोविंदपुर के एलआईजी ग्राउंड में गणपति उत्सव की तैयारियों का श्रीगणेश हो गया है। अब श्रद्धालुओं को भव्य पंडाल और पूजा समारोह का बेसब्री से इंतजार है।

