पोटका : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के लोहे के पोल से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक मामूली रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी रिद्धि पांडेय के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रिद्धि पांडेय का हेसड़ा पंचायत के रोलाडीह गांव में एक फार्म हाउस है। मंगलवार को वह अपने तीन साथियों—राज आर्यन, राजपाल और आर्यन सिंह—के साथ अपनी किया साइरस कार (जेएच 05 ईए-6677) से फार्म हाउस गए थे।
रात करीब 10 बजे सभी लोग फार्म हाउस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोवाली थाना के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे 11 हजार वोल्ट के लोहे के बिजली पोल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक रिद्धि पांडेय गंभीर रूप से फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में कार में सवार अन्य तीन युवकों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षित बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

