News Lahar Reporter
जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित डिमना लेक में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई, जिससे पटमदा रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े 6 बजे शव को पानी से बाहर निकाला गया।
मौके पर मौजूद थाना प्रभारी नीरज कुमार ने शव की पहचान के लिए उसकी तस्वीर विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा करवाई है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की मौत करीब एक दिन पहले डूबने से हुई होगी, जबकि शव गुरुवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पानी की सतह पर दिखाई दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही युवक की पहचान कराने के प्रयास जारी हैं।

