NEWS LAHAR REPORTER
चावलीबासा के पास अचानक सामने आया दोपहिया वाहन, बचाने के लिए मुख्य कार के चालक ने लगाया ब्रेक; पीछे चल रही पुलिस एस्कॉर्ट वैन और जैमर वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त
चौका (सरायकेला-खरसावां)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार, 6 नवंबर की शाम सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। चौका थाना क्षेत्र के चावलीबासा के समीप रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर उनके काफिले के साथ यह हादसा हुआ। राहत की बात रही कि दुर्घटना में अर्जुन मुंडा समेत किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मिली जानकारी के अनुसार, अर्जुन मुंडा रांची से जमशेदपुर की ओर अपने काफिले के साथ जा रहे थे। शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे चावलीबासा के पास अचानक एक दोपहिया वाहन काफिले के सामने आ गया। दोपहिया वाहन को बचाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री की मुख्य कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
इसी दौरान पीछे चल रही पुलिस की सुरक्षा एस्कॉर्ट वैन (टाटा सूमो) अपना संतुलन नहीं संभाल सकी और पूर्व मुख्यमंत्री की मुख्य कार से पीछे से जोरदार टकरा गई। इस टक्कर के कारण काफिले में शामिल विशेष सुरक्षा जैमर वाहन को भी नुकसान पहुंचा।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
अचानक हुई इस टक्कर से काफिले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। अर्जुन मुंडा पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की जांच के बाद काफिला आगे के लिए रवाना हो गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर NH-33 पर तेज रफ्तार और अचानक सड़क पर आने वाले वाहनों से उत्पन्न होने वाले खतरे को उजागर किया है।
