News Lahar Reporter:
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक बदमाश को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू कालिंदी के रूप में हुई है, जो सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह लाल भट्ठा का निवासी बताया जा रहा है।
गोलमुरी थाना पुलिस ने बुधवार देर रात टिनप्लेट गोल चक्कर के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक युवक बाइक से गुजरता हुआ नजर आया। पुलिस ने उसे रोककर वाहन के कागजात की मांग की, लेकिन आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इतना ही नहीं, बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी, जिससे पुलिस को शक हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी सोनू कालिंदी ने कबूल किया कि बाइक चोरी की है। उसने बताया कि 28 मार्च को साकची थाना क्षेत्र के टैंक रोड से लॉक तोड़कर इस हीरो स्प्लेंडर बाइक की चोरी की गई थी।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर लगाम लगाने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

