जमशेदपुर : शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और पुलिस के लिए चुनौती बनती दिख रही हैं। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के रो-रो रोड का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाते हुए स्कूटी चोरी कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार रो-रो रोड निवासी अभय सिंह अपने घर से बाहर थे, इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। चोरों ने क्वार्टर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आंगन में खड़ी स्कूटी लेकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब अभय सिंह वापस घर लौटे। उन्होंने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर जाकर जांच करने पर स्कूटी गायब मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत सिदगोड़ा थाना में इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

