NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल ने बुधवार को जमशेदपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट में सरेंडर करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर मामले की गहन पूछताछ करने की तैयारी में है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विश्वनाथ मंडल को रिमांड पर लेने के लिए जल्द ही अदालत में आवेदन दायर किया जाएगा। रिमांड मिलने के बाद उससे यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि घटना वाले दिन उसे घटनास्थल पर किसने बुलाया था और हत्या की पूरी साजिश में उसकी क्या भूमिका रही।
जांच में सामने आया है कि विश्वनाथ मंडल का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने की भी चर्चा है। हाल के दिनों में एक पूर्व मुख्यमंत्री के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी वह चर्चा में आया था।
इस हत्याकांड में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। डीडी बार के मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार कर मंगलवार को जमशेदपुर लाया गया था, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
वहीं, पुलिस ने डीडी बार के मैनेजर विजय महानंद समेत तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एक किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है। इससे पहले भी तीन अन्य किशोरों को बाल सुधार गृह भेजा जा चुका है। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें भी जेल भेजा जा चुका है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

