NEWS LAHAR REPORTER
जमशेदपुर : करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान पुलिस ने भाजपा के पूर्व नेता और जमशेदपुर पश्चिम से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके विकास सिंह को शुक्रवार सुबह उनके आवास से हिरासत में ले लिया। प्रशासन को बंद के दौरान उनकी सक्रिय भूमिका की पहले से सूचना थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, विकास सिंह ने पहले ही घोषणा की थी कि वह हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में “गोरिल्ला पद्धति” से बंद को सफल बनाएंगे। इसके लिए वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान भी चला रहे थे। प्रशासन को उनके कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सुबह करीब 7 बजे उनके घर के बाहर घेराबंदी कर दी।
बताया जाता है कि जैसे ही विकास सिंह अपने आवास से बंद को लेकर निकलने लगे, पुलिस टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मौके पर मानगो थाना की पुलिस के कई अधिकारी और जवान पहले से मौजूद थे। गिरफ्तारी के दौरान विकास सिंह ने पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई का कारण पूछा, जिस पर उन्हें बताया गया कि यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की जा रही है।
हिरासत में लिए जाने के दौरान विकास सिंह ने जिला प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि अपराधियों को पकड़ने में नाकाम पुलिस विरोध करने वाले लोगों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं, जबकि आम जनता पर पुलिस लगाम लगाने का काम कर रही है।”
गिरफ्तारी के समय विकास सिंह ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की और हिमांशु सिंह हत्याकांड के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग की।

